प्रधानमंत्री मोदी की छठ महापर्व की देशवासियों को शुभकामनाएं, कहा “सभी का जीवन अलौकिक रहे यही कामना है”

देश- भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व पर देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं दी है। मोदी ने अपने ट्विटर के माध्यम से देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि “सूर्यदेव और प्रकृति की उपासना को समर्पित महापर्व छठ की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान भास्कर की आभा और छठी मइया के आशीर्वाद से हर किसी का जीवन सदैव आलोकित रहे, यही कामना है।” मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को महापर्व छठ की शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने कहा “समस्त देशवासियों को सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। छठी मैया सभी को सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करें।”
आपको बता दें छठ महापर्व मुख्यतः उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार और नेपाल में मनाया जाता है। इस पर्व में सूर्य नारायण और छठ मैया की पूजा की जाती है। महिलाएं व्रत रखकर अपने पुत्रों की लंबी आयु की कामना सूर्य देवता और छठ मैया से करती हैं और अर्घ्य देकर उनकी पूजा करती है। 4 दिन का यह पर्व इस बार 28 अक्टूबर से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस त्यौहार को सूर्य षष्टि, छठ, महापर्व, डाला पूजा, प्रतिहार और डाला छठ के नाम से भी जाना जाता है।
आज छठ पूजा का तीसरा दिन है जिसे संध्या अर्ध के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि छठ पूजा करने से भगवान सूर्यनारायण प्रसन्न होते हैं और सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाल जिंदगी प्रदान करते हैं। सूरज की किरने जब शरीर पर पड़ती है तब लोगों की हर बीमारी हर रोग दूर हो जाते हैं। इस दिन नदी में स्नान करने से कई औषधीय लाभ मिलते हैं। त्योहार से न केवल लोगों की शारीरिक विकृतियों दूर होती है बल्कि मानसिक शुद्धता भी मिलती है।




