हनुवंतिया टापू के जल महोत्सव में पहली बार फ्लाइंग बोट का होगा रोमांच, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

भोपाल- खंडवा जिले के हनुवंतिया टापू में जल महोत्सव के सातवें संस्करण का आयोजन 28 नवंबर से होने जा रहा है। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित जल महोत्सव 2.0 का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। महोत्सव का समापन 28 जनवरी 2023 को होगा। यह महोत्सव दो माह तक चलेगा।
प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं प्रबंध संचालक मप्र टूरिज्म बोर्ड शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि इंदिरा सागर बांध के बैकवाटर पर स्थित हनुवंतिया टापू पर फ्लाइंग इंफ्लेटेबल बोट एक्टिविटी आयोजित की जा रही है। देश में पहली बार पर्यटक इस तरह की गतिविधि का आनंद लेंगे।
इस बार स्कूबा डाइविंग, बोरियामल द्वीप पर नाइट सफारी, लग्जरी रीगल सीरीज बोट, 40 फीट हाई रोप स्विंग, जिप साइकिल, पैरामोटरिंग, पैरासेलिंग, स्पीड बोट, जेट स्काई, हाट एयर बलूनिंग, मोटर बोट राइडिंग इत्यादि एडवेंचर गतिविधियां प्रमुख आकर्षण होंगी। टूरिज्म बोर्ड द्वारा सनसेट डेजर्ट कैंप के साथ मिलकर हनुवंतिया टापू में टेंट सिटी का संचालन किया जा रहा है।
टेंट सिटी में 104 लग्जरी स्विस टेंट्स के साथ-साथ कारपोरेट सम्मेलनों के लिए एसी हाल की सुविधा मिलेगी। केरल के प्रसिद्ध करैली समूह द्वारा वेलनेस स्पा, राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय एंगलर्स की तीन दिवसीय एंगलिंग स्पोर्ट इवेंट, संगीत समारोह, पतंग उत्सव जैसी अनेक गतिविधियां पर्यटकों के मनोरंजन के लिए होगी।
जल महोत्सव की उपलब्धियां – वर्ष 2017 में पर्यटन मंत्रालय द्वारा सबसे अनोखे, अद्वितीय नवीन पर्यटन उत्पाद वर्ष 2015-16 के लिए सम्मानित किया जा चुका है। जल महोत्सव 2021 के 60 दिन के दौरान दो लाख 40 हजार से ज्यादा लोगों ने भाग लिया था। जनवरी 2022 में स्पेन में इंडियाज यूनिक वाटर एंड एडवेंचर कार्निवल से सम्मानित।




