ताजा ख़बरें

आज से मध्य प्रदेश में शीत लहर चलने की संभावना, तापमान में आएगी गिरावट

भोपाल- उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में पड़ने लगा है। शुक्रवार शाम को चली हवाओं का रुख उत्तरी होने के कारण रात में मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश में शीत लहर चलने की बात कही है। इससे तापमान में आज काफी गिरावट आएगी। मध्य प्रदेश के लिए रविवार को नये साल का शुरूआत अब कड़ाके की ठंड के साथ होना है।

भोपाल मौसम केन्द्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के सभी जिलों का मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। शेष सभी संभागों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। इंदौर, भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक एवं शेष संभागों में सामान्य रहा। शनिवार को प्रदेश में सबसे कम 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया। जबकि भोपाल में 11.8, इंदौर में 14 और ग्वालियर में 8.5 डिग्री तापमान रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार शाम प्रदेश में सर्द हवाएं चलना शुरू हो गई हैं। इसके असर से रात में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर का असर देखने को मिल सकता है। भोपाल मौसम केन्द्र के अधिकारियों की मानें तो ट्रफ के रूप में आया पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार को हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में परिवर्तित हो गया है। जिससे शुक्रवार शाम से फिर उत्तरी हवा चलने लगी है। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत से आगे बढ़ जाएगा। उधर, दो दिन में उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हुई है। शनिवार रात से मैदानी क्षेत्रों की तरफ चलने वाली बर्फीली हवाओं के असर से पूरे मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने लगी है। रविवार से कई शहरों में शीतलहर भी चल सकती है।

Related Articles

Back to top button
Close