प्रदेश में 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में दो माह शेष, केंद्रों की सूची अब तक तैयार नहीं

भोपाल- माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की ओर से 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा एक मार्च से शुरू होने वाली है। परीक्षा शुरू होने में दो माह से भी कम समय बचा है। अब तक मंडल के पास जिलेवार परीक्षा केंद्रों की सूची नहीं पहुंची है। इसके चलते मंडल की ओर से अब तक परीक्षा केंद्रों की सूची तैयार नहीं हो पाई है। अब तक स्कूलों के नाम भी तय नहीं हो पाए हैं। मंडल अभी बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्राध्यक्षों, सहायक केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों के चयन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति बनाई जाएगी। समिति में निजी स्कूलों के सदस्य भी शामिल होंगे। 10 फरवरी तक केंद्राध्यक्षों, सहायक केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर ली जाएगी।
इस संबंध में मंडल ने सभी जिले के कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देश में लिखा है कि समिति द्वारा चयनित नामों का विकासखंड रैंडम पद्धति से परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्षों एवं सहायक केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति की जाए। बता दें, कि इस बार प्रदेश में 10 वीं व 12 वीं में करीब 18 लाख विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। साथ ही करीब चार हजार परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।




