ताजा ख़बरें

मिशन 2023… बाल कांग्रेस के जरिये मतदाताओं में पैठ बनाने में जुटी कांग्रेस

भोपाल- मध्य प्रदेश में नौ माह बाद विधानसभा चुनाव है। इसमें सशक्त जीत दर्ज कराने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी जहां प्रतिष्ठित वर्ग में जनाधार बढ़ा रही है, वहीं बाल कांग्रेस मतदाताओं तक पहुंचने का सरल रास्ता भी तैयार कर रही है। बाल कांग्रेस के कार्यकर्ता नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ रहे हैं। माना जा रहा है कि वह अपने माता-पिता एवं अन्य स्वजन को पार्टी से जोड़ने में मददगार साबित होंगे।

कांग्रेस का मानना है कि भाजपा तरुण अवस्था में ही अपने विचारों का बीजारोपण कर देती है, जो उम्र के साथ वट वृक्ष बन जाते हैं। इसी का तोड़ बाल कांग्रेस है। इसमें स्कूली बच्चों को जोड़ा जा रहा है। उन्हें कांग्रेस का इतिहास और उन निर्णयों की जानकारी दी जा रही है, जिन पर वर्षों से सियासत हो रही है। संगठन इस तरह का माहौल तैयार कर रहा है कि घर में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बच्चे कांग्रेस की बात करें। संगठन के स्टेट वाइस कैप्टन शिवम शेखर बताते हैं कि इसका लाभ भी मिल रहा है। जब बच्चे माता-पिता या परिवार के अन्य सदस्यों से कांग्रेस के संबंध में बात करते हैं, तो वे अपने ज्ञान के अनुसार बताते हैं, फिर बच्चे उनके तथ्यों को सुधारते हैं। कांग्रेस के बारे में बच्चों को सही जानकारी हो, इसके लिए ‘कांग्रेस और राष्ट्र निर्माण की गाथा” नाम से एक किताब भी छापी गई है, जो बच्चों को बांटी जा रही है। शेखर कहते हैं कि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कई बच्चे हमारे अभियान से जुड़ रहे हैं और राजनीति में आने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं। इस बहाने उनके परिजन भी हमसे बात कर रहे हैं।

संगठन से ऐसे जोड़े जा रहे बच्चे – संगठन जरूरतमंद बच्चों की इस तरह से मदद कर रहा है कि उन्हें यह पता न चले कि उन्हें सहयोग करने वालों में कांग्रेस है। बाद में इन बच्चों से संगठन के कार्यकर्ता संपर्क करते हैं और उन्हें पार्टी की विचारधारा की जानकारी देते हैं। फिर शुरू होता है कांग्रेस के संबंध में बातों का सिलसिला, जिसमें एक समय बाद बच्चे के परिजन भी शामिल हो जाते हैं।

किताब में क्या – बाल कांग्रेस की 17 पन्नों की पुस्तक भी चर्चा में है। इसमें 1857 के स्वतंत्रता संग्राम, आदिवासी विद्रोह, कांग्रेस की स्थापना, बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, डा. भीमराव आंबेडकर, मौलाना अबुल कलाम आजाद, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के संक्षिप्त जीवन परिचय के साथ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में नकारात्मक शक्तियों और संगठनों के बारे में जानकारी दी गई है। इस किताब को प्रदेश कांग्रेस के मीडिया सलाहकार पीयुष बबेले ने लिखा है।

विधानसभा स्तर पर कैप्टन और वाइस कैप्टन की नियुक्ति हो चुकी है, अब जल्द ही जिला स्तर पर नियुक्ति की जाएगी। पिछले एक साल में हम 35 हजार से अधिक बच्चों को संगठन से जोड़ चुके हैं।
– नीर प्रजापति, स्टेट कैप्टन, मप्र बाल कांग्रेस।
गलत इतिहास पढ़ा रही कांग्रेस – विश्‍वास सारंग
बाल कांग्रेस की किताब को लेकर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि गलत इतिहास पढ़ाना और राष्ट्रभक्तों को नीचा दिखाना कांग्रेस की आदत है। पार्टी की रीति नेहरू परिवार का महिमामंडन करना है। उसने देश के इतिहास को हमेशा तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया है।

Related Articles

Back to top button
Close