ताजा ख़बरें

जेल में सुरक्षा दावों की खुली पोल, बंदी पर धारदार चीज से हमला

भोपाल- राजधानी की आइएसओ प्रमाणित केंद्रीय जेल में कैदियों की सुरक्षा को लेकर जेल प्रशासन की ओर से तमाम प्रकार के दावे किए जाते हैं। इन तमाम दावों की पोल शुक्रवार शाम उस समय खुल गई, जब एक बंदी ने दूसरे बंदी पर धारदार हथियार से वार कर दिए। उसके पास यह हथियार कैसे आया या उसने इसे कैसे तैयार किया, इसकी जांच कराई जा रही है। वहीं जेल प्रहरी की ओर से इस मामले की शिकायत थाना गांधी नगर में दर्ज करा दी गई है। घायल बंदी का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस द्वारा हमलावर कैदी मेंटल तथा कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त बताया जा रहा है।

गांधी नगर पुलिस के अनुसार सेंट्रल जेल के ब खंड में मोहर सिंह बरेवा नाम का विचाराधीन बंदी बंद है। इसी खंड में अब्दुल वहाब नाम का अन्य विचाराधीन बंदी है। शुक्रवार शाम गणना के बाद में सभी कैदियों को बंद किया गया। शाम करीब सवा सात बजे वहाब ने अचानक मोहर सिंह पर धारदार चीज से हमला कर दिया। हमले में मोहर को हाथ और गर्दन के पास चोट आई है। जेल प्रहरी सुंदरलाल सोलंकी ने देर रात इस मामले की शिकायत दर्ज कराई।

वहीं उप जेल अधीक्षक अजय कुमार खरे ने बताया कि विवाद कारण साफ नहीं हो सका है। वहाब का मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ है। वह एक अन्य गंभीर बीमारी से ग्रस्त है। आरोपित के खिलाफ थाने में प्रकरण दर्ज करा दिया गया है। हमला करने के कारणों की जांच कराई जा रही है। उसके पास में लोहे की नुकीली चीज कैसे आई, इसकी भी जांच कराई जा रही है।

जेल में बंद विचाराधीन बंदी कुख्यात बदमाश तौफीक उर्फ शूटर को शुक्रवार दोपहर को आनन फानन में हमीदिया अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया है। जहां उसे 24 घंटे की निगरानी में रखा गया है। उसकी हालत गंभीर है। वहीं सूत्रों की माने तो उसे हार्ट अटैक आया है।

Related Articles

Back to top button
Close