ताजा ख़बरें

हिमाचल की बर्फबारी से प्रदेश में बढ़ेगी ठंडक

भोपाल- मध्यप्रदेश में सोमवार से ही फिर से मौसम बदलेगा। हिमाचल के पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश में देखने को मिलेगा। इससे हल्की ठंड रहेगी। अभी धूप चुभ रही है। कई शहरों में दिन का पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, रात में 15 डिग्री के पार चल रहा है।

राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के साथ धार, गुना, खंडवा, राजगढ़, रतलाम, दमोह, मंडला, सागर, सतना, उमरिया में दिन में सबसे ज्यादा गर्मी है। वहीं, दमोह, नरसिंहपुर, नौगांव, सागर, सिवनी, भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़, रतलाम में रात में पारा 12से 15 डिग्री के बीच चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिन-रात गर्मी का असर देखने को मिलेगा। इसके बाद मौसम बदलेगा और हल्की ठंड का दौर फिर से शुरू होगा। मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि मौसम में बदलाव का असर प्रदेश के सभी हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

हिमाचल में हो रही बर्फबारी का असर

 

 

 

इन दिनों हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हो रही है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में बारिश का दौर चल रहा है। इसका असर अब मध्यप्रदेश में पड़ रहा है। हवाओं का रुख बदलने से रात में ठंडक घुलेगी। दिन में मामूली गिरावट होगी।

माह के आखिर में गर्मी की दस्तक

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फरवरी के आखिरी हफ्ते से प्रदेश में गर्मी दस्तक दे सकती है। मार्च के आखिरी हफ्ते से लू चलने के हालात बन जाएंगे। आमतौर पर मप्र में तेज गर्मी 15 मार्च से शुरू होती है, जो 10 जून तक चलती है। इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होती हैं। मार्च में सूर्य भूमध्य रेखा के करीब पहुंच जाता है, इससे दक्षिण भारत तपने लगता है। अप्रैल में सूर्य की स्थिति बदलने के बाद ही प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों से तेज गर्मी की शुरुआत होती है, जो मई मध्य तक पूरे प्रदेश फैल जाती है। जून के दूसरे पखवाड़े में सूर्य की स्थिति बदलने पर मौसम बदलने लगता है।

Related Articles

Back to top button
Close