ताजा ख़बरें

दक्षिण अफ्रीका से 18 फरवरी को कूनो में आएंगे और 12 चीते

श्योपुर/भोपाल- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल अपने जन्मदिवस पर 17 सितम्बर को नामीबिया से लाए गए आठ जितों को श्योपुर के राष्ट्रीय उद्यान कूनो अभयारण्य में छोड़ा था। अब यहां पांच दिन बाद 18 फरवरी को चीतों का कुनबा बड़ा होने जा रहा है। यहां चीतों की दूसरी खेप दक्षिण अफ्रीका से आ रही है। इसके साथ ही यहां चीतों की संख्या आठ से बढ़कर 20 हो जाएगी।

इससे पहले नामीबिया से आठ चीते कूनो नेशनल पार्क में लाए गए थे, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्म दिन के मौके पर खुद बाड़े में रिलीज किया था। इस बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह चीतों को रिलीज करेंगे। इस बार चीतों को दक्षिण अफ्रीका से कूनो लाने के लिए ट्रायड एंड टेस्टेड रूट का इस्तेमाल किया जाएगा। यानी जिस रूट से पिछली बार चीते लाए गए थे उसी रूट से इस बार भी कूनो लाए जाएंगे।

कूनो पार्क के डीएफओ प्रकाश वर्मा ने सोमवार को बताया कि 18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते लाए जाएंगे। पहले की ही तरह चीतों को लाए जाने का रूट रहेगा। चीफ गेस्ट कौन कौन होगा फिलहाल इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह का आना तय है। सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद हैं।

 

उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को विशेष विमान से 12 चीतों को दक्षिण अफ्रीका से पहले ग्वालियर लाया जाएगा, इसके बाद वायुसेना के मालवाहक हेलीकॉप्टर से ग्वालियर से कूनो लाया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका से चीतों को कूनों लाने के लिए चीता टास्क फोर्स के अधिकारी और कूनो एसडीओ अमृतांशु दक्षिण अफ्रीका पहुंच चुके हैं। इधर कूनो प्रशासन ने सारी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं, अब सिर्फ चीतों के स्वागत की तैयारियां तेजी के साथ की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button
Close