इचौल और सोनवारी के टोल बैरियर हटेंगे, सांसद ने दिए निर्देश
दिशा समिति की बैठक में उठाया मामला, एमपीआरडीसी अधिकारी रहे अनभिज्ञ

मैहर। मैहर जिले की दिशा समिति की बैठक में इचौल और सोनवारी में संचालित टोल बैरियर का मुद्दा जोरशोर से उठाया गया। बैठक में सांसद गणेश सिंह ने एमपीआरडीसी (मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम) के अधिकारियों से स्पष्ट सवाल किया कि ये टोल बैरियर किस आधार पर संचालित किए जा रहे हैं।
इस पर एमपीआरडीसी के अधिकारी दोनों टोल बैरियर के संबंध में अनभिज्ञता जताते नजर आए। अधिकारियों के संतोषजनक उत्तर न मिलने पर सांसद गणेश सिंह ने दोनों ही टोल बैरियर को अवैध रूप से संचालित बताते हुए उन्हें तत्काल हटाए जाने के निर्देश दिए।
सांसद ने कहा कि बिना वैधानिक अनुमति के जनता से टोल वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और भविष्य में इस तरह की मनमानी पर रोक लगाई जाए।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी टोल बैरियर को लेकर जनता की परेशानी का मुद्दा उठाया और इसे तत्काल समाप्त करने की मांग की।




