ताजा ख़बरें

“पिछड़ेपन का टैग हटेगा, सतना–रीवा मिलकर रचेंगे विकास की नई कहानी”

सतना–रीवा जुड़वां भाई, विंध्य बनेगा विकास की नई पहचान : डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल”

सतना। नगर गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को बीटीआई ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री  राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सतना और रीवा जुड़वां भाई की तरह हैं। आने वाले समय में दोनों जिले मिलकर देश में विकास की नई मिसाल पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र अब केवल पहचान नहीं, बल्कि प्रगति और संभावनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। कार्यक्रम में महापौर  योगेश ताम्रकार ने अपने संबोधन में कहा कि सतना को अक्सर विकास के मामले में रीवा से पीछे माना जाता रहा है। उन्होंने संकल्प लिया कि सतना से पिछड़ेपन का टैग हटाकर ही दम लेंगे और शहर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।


तेजी से विकास की राह पर सतना
महापौर के संबोधन के बाद उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सतना तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सतना, रीवा और पूरा विंध्य क्षेत्र हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। डिप्टी सीएम ने बताया कि विंध्य क्षेत्र में कई बड़ी विकास परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें बाणसागर व बरगी सिंचाई परियोजना, मुकुंदपुर जू, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सतना और रीवा एयरपोर्ट प्रमुख हैं।
इसके साथ ही सतना–चित्रकूट और सतना–मैहर फोरलेन सड़क परियोजनाएं, स्मार्ट सिटी के कार्य और ललितपुर–सिंगरौली रेलवे लाइन का निर्माण भी तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि बरगी का पानी सतना पहुंचने के बाद जिले के विकास को नई गति मिलेगी। सभी परियोजनाएं पूरी होने पर अगले दो वर्षों में सतना एक विकसित जिले के रूप में दिखाई देगा। उन्होंने नागरिकों से अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने और नगर गौरव दिवस को उत्सव की तरह मनाने का आह्वान किया।

27 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
नगर गौरव दिवस के चौथे आयोजन के अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तीन विकास कार्यों का लोकार्पण किया। शनिवार को सतना प्रवास के दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट के पीछे धवारी क्षेत्र में बने व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र भवन का लोकार्पण किया। करीब 8 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से बने इस आधुनिक केंद्र में 250 युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी, जिससे कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने भुंजवा मोहल्ले में 9 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन (कम्युनिटी हॉल) तथा 8 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से नारायण तालाब के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।

Related Articles

Back to top button
Close