ताजा ख़बरें

सतना में शान से मना गणतंत्र दिवस, 73 स्कूलों के 3650 बच्चों ने रचा इतिहास

सतना। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सिविल लाइन स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में आयोजित हुआ। सुबह 9 बजे प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

ध्वजारोहण के पश्चात राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी फूलों से सजी खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण करने पहुंचीं। इसके बाद मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया गया। समारोह में अनुशासन, समर्पण और देशप्रेम की मिसाल पेश करते हुए आकर्षक मार्चपास्ट हुआ, जिसका नेतृत्व आरआई देविका सिंह ने किया।

परेड में कुल 13 प्लाटून शामिल रहीं। इनमें जिला पुलिस की पुरुष एवं महिला प्लाटून, एसएएफ, होमगार्ड के साथ विभिन्न कॉलेजों व स्कूलों की एनसीसी, स्काउट-गाइड, एनएसएस और शौर्य दल के कैडेट्स शामिल थे। सभी टुकड़ियों ने सटीक कदमताल और उत्कृष्ट समन्वय से दर्शकों की तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण सामूहिक पीटी प्रदर्शन रहा। शहर के 73 स्कूलों के करीब 3650 छात्र-छात्राओं ने एक साथ पीटी कर अनुशासन और एकता का अद्भुत प्रदर्शन किया। बच्चों के इस सामूहिक अभ्यास ने मैदान में मौजूद हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति से जुड़े रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह के अंतिम चरण में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित झांकियां निकाली गईं, जिनके माध्यम से आमजन को शासन की उपलब्धियों से रूबरू कराया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Close