जिला अस्पताल सतना में मिशन मधुहारी क्लिनिक का शुभारंभ
टाइप 1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

सतना। सतना जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए जिला चिकित्सालय, सतना में मिशन मधुहारी क्लिनिक का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष क्लिनिक का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ अमर सिंह, एवं डॉ व्ही के गौतम ने अपने कर-कमलों द्वारा किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि टाइप 1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और युवाओं को समय पर सही इलाज और निरंतर देखभाल मिलना बेहद जरूरी है। मिशन मधुहारी जैसी पहल से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा। इस अवसर पर आर एम ओ डॉ. अभिनव चौरसिया, डी पी एम राकेश कर्ष, नृपेश सिंह, राज्य स्तर से अमित राठौड़, एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. अनामिका राय, संभागीय समन्वयक श्री निमिष मिश्रा, नर्सिंग ऑफिसर पूनम गुप्ता, एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और चिकित्साकर्मी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
विशेषज्ञों के अनुसार यह क्लिनिक विशेष रूप से टाइप 1 डायबिटीज (ज्1क्) से ग्रस्त बच्चों और युवाओं के लिए वरदान साबित होगी। इसके माध्यम से मरीजों को न केवल नियमित परामर्श और जांच की सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें बीमारी के प्रबंधन की सही जानकारी और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं भी एक ही छत के नीचे आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। क्लिनिक में पहले दिन करीब 23 टाइप 1 डायबिटीज से पीड़ित लोगो का रजिस्ट्रेशन किया गया।



