ताजा ख़बरें
यात्रियों के लिए राहत: प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन का विस्तार, अगस्त के अंत तक लगाएगी 8 अतिरिक्त फेरे

ग्वालियर। यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर रेलवे ने प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन अब अगस्त के अंत तक निर्धारित दिनों में अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित होगी।
ट्रेन 8 एस्ट्रा फेरे लगाएगी
रेलवे के अनुसार, प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल (04123 ) को 29 जुलाई तक ही चलना था। अब इसे पांच से 30 अगस्त तक प्रत्येक बुधवार एवं रविवार संचालित किया जाएगा। इसी तरह, हजरत निजामुद्दीन-प्रयागराज स्पेशल (04124) का संचालन भी छह से 31 अगस्त तक प्रत्येक गुरुवार एवं सोमवार किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन के आठ अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन 22 कोच के साथ ही संचालित हो रही है।
रात में झांसी आती है ट्रेन
यह ट्रेन प्रयागराज स्टेशन से अपराह्न 3.25 बजे चलकर शंकरगढ़, मानिकपुर, चित्रकूट, अतर्रा, बाँदा, महोबा, कुलपहाड़, हरपालपुर, मऊरानीपुर होते हुए रात 12.50 बजे झांसी पहुंचती है। पांच मिनट ठहरने के बाद रात 12.55 बजे झांसी से रवाना होकर ग्वालियर, धौलपुर, आगरा, मथुरा, कोसीकला पर ठहराव लेकर सुबह 11.35 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचती है। इसी तरह, हजरत निजामुद्दीन से यह ट्रेन अपराह्न 3.45 बजे चलकर रात 12.05 बजे झांसी पहुंचेगी और सुबह 9.10 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।




