राज्य

सतना को 652 करोड़ की विकास सौगात, आईएसबीटी अटल बिहारी वाजपेयी के नाम

484 करोड़ के छह विकास कार्यों का भूमिपूजन, सतना और चित्रकूट के समग्र विकास का संकल्प

 

सतना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सतना शहर को 652 करोड़ 54 लाख रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने 31 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से बने नवनिर्मित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और 8 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से तैयार धवारी क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सतना के नवनिर्मित आईएसबीटी का नाम भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाएगा, जो शहर की नई पहचान बनेगा।

484 करोड़ के छह विकास कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 484 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से होने वाले छह प्रमुख विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण किया गया।मेडिकल कॉलेज में 650 बिस्तर के अस्पताल भवन का शिलान्यास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय मेडिकल कॉलेज सतना में 383 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 650 बिस्तर के नवीन अस्पताल भवन का भूमिपूजन किया। इस अस्पताल से विंध्य क्षेत्र के मरीजों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
बरगी डैम से मिलेगा नर्मदा का पानी
मुख्यमंत्री ने सतना वासियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि वर्ष 2026 तक बरगी नहर के माध्यम से नर्मदा नदी का पानी सतना शहर तक पहुंचाया जाएगा। इससे पेयजल संकट का स्थायी समाधान होगा और किसानों को भी सिंचाई का लाभ मिलेगा।
हवाई पट्टी विस्तार के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सतना एयरपोर्ट की हवाई पट्टी को पुनः 1800 मीटर तक विस्तारित करने के निर्देश कलेक्टर को दिए, जिससे भविष्य में बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके।
सतना और चित्रकूट के समग्र विकास का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकास का प्रतीक रहा है। उनकी जन्म शताब्दी वर्ष में आईएसबीटी को उनके नाम समर्पित करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार सतना और चित्रकूट के धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close