ताजा ख़बरें

चित्रकूट दीपावली मेले की तैयारियां पूरी

कलेक्टर-एसपी ने चित्रकूट पहुंचकर किया विभिन्न स्थलों का निरीक्षण

सतना। प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी चित्रकूट में 6 से 10 नवंबर तक आयोजित होने वाले दीपावली अमावस्या मेले की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। चित्रकूट के मुख्य प्रवेश द्वार सहित प्रमुख चौक-चौराहों को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से सजाया गया है, जिससे पूरी धर्मनगरी उत्सव के रंग में नजर आने लगी है।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के साथ गुरुवार को चित्रकूट पहुंचकर मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गुप्त गोदावरी, भारत घाट एवं राघव प्रयाग घाट सहित मेला क्षेत्र में बनाए गए पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग, आवागमन की सुगमता तथा घाटों एवं मेला क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर-एसपी ने चौबेपुर सड़क का भी निरीक्षण किया तथा सड़क की स्थिति और आवागमन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेला प्रारंभ होने से पहले शेष तैयारियां पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा दीपावली अमावस्या मेले में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन और आवागमन की सुविधा मिल सके। इस मौके पर एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Close