व्यापार

रामपुर बाघेलान में ज्वेलर्स पर जीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 50.38 लाख की वसूली

रामपुर बाघेलान में ज्वेलर्स पर जीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 50.38 लाख की वसूली

सतना। सतना जिले के रामपुर बाघेलान कस्बे में एक ज्वेलर्स शोरूम पर स्टेट जीएसटी विभाग की टीम ने दो दिन तक गहन जांच की। यह कार्रवाई शनिवार को पूरी हुई। जांच के दौरान ज्वेलर्स कारोबारी से टैक्स और पेनल्टी मिलाकर 50.38 लाख रुपये की राशि जमा कराई गई।
यह वसूली हीराचंद सोनी की फर्म विदुर प्रसाद सुखनंदन प्रसाद और उसकी सहयोगी फर्म विदुर प्रसाद जयनंदन प्रसाद से की गई। जीएसटी टीम ने शोरूम के दस्तावेजों के साथ-साथ स्टॉक की भी बारीकी से जांच की।


सिर्फ 2 प्रतिशत नकद टैक्स जमा करने का खुलासा
जांच में सामने आया कि कारोबारी अपने कुल टैक्स का लगभग 98 प्रतिशत हिस्सा इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के माध्यम से समायोजित कर रहे थे, जबकि केवल 2 प्रतिशत, यानी करीब 1.35 लाख रुपये, नकद टैक्स के रूप में जमा किया जा रहा था। इसे जीएसटी नियमों के उल्लंघन के रूप में देखा गया।
दस्तावेज जब्त, जांच आगे भी जारी
कार्रवाई के दौरान कारोबार से जुड़े कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जीएसटी अधिकारियों के अनुसार इन दस्तावेजों की विस्तृत जांच अभी जारी है, जिससे टैक्स देनदारी की राशि और बढ़ सकती है।
15 से अधिक अधिकारी रहे शामिल
यह पूरी कार्रवाई स्टेट जीएसटी के ज्वाइंट कमिश्नर उमेश तिवारी के निर्देश पर की गई। जांच का नेतृत्व सर्किल-1 की असिस्टेंट कमिश्नर मनोरमा तिवारी ने किया, जिसमें 15 से अधिक जीएसटी अधिकारी शामिल थे।

Related Articles

Back to top button
Close