व्यापार

विंध्य चेम्बर को मिली बड़ी सौगात, 8 एकड़ में बनेगा ‘विंध्य व्यापार मेला ग्राउंड’

सतना में इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के आयोजन तथा 100 एकड़ में औद्योगिक पार्क के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा

सतना।
विंध्य चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, सतना द्वारा आयोजित 12वें विंध्य व्यापार मेला 2025 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चेम्बर को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने चेम्बर की लंबे समय से चली आ रही मांग पर ऑडिटोरियम एवं स्थायी मेला आयोजन हेतु 8 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी और इसे ‘विंध्य व्यापार मेला ग्राउंड’ नाम देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य चेम्बर का इतिहास गौरवशाली रहा है और इसके द्वारा आयोजित विंध्य व्यापार मेला आज पूरे विंध्य क्षेत्र की पहचान बन चुका है। यह मेला न केवल व्यापार और उद्योग को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि आमजन को भी प्रत्यक्ष लाभ पहुंचा रहा है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां सशक्त हो रही हैं। डॉ. मोहन यादव ने बताया कि नगर निगम सतना द्वारा पीपीटी मॉडल पर गीता भवन का उपयोग, सतना में इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के आयोजन तथा 100 एकड़ में औद्योगिक पार्क के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मोटरयान कर में छूट, व्यापार संवर्धन बोर्ड के गठन और कृपालपुर से सोहावल तक फ्लाईओवर निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेला परिसर और मुख्य प्रवेश द्वार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर आधारित है। सांसद गणेश सिंह ने चेम्बर की सराहना करते हुए कहा कि विंध्य व्यापार मेला अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है। उन्होंने चेम्बर की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि अगले व्यापार मेला तक नए मेला ग्राउंड से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, चित्रकूट विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर सतीश कुमार एस., पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, चेम्बर पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Tags

Related Articles

Back to top button
Close