शराब के नशे में स्कूल परिसर में लोटता दिखा शिक्षक, छात्रों ने बनाया वीडियो

सतना। मैहर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। करौंदीकाप क्षेत्र की नादन हरिजन बस्ती स्थित नादन संकुल के अंतर्गत आने वाले शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक धनेंद्र पांडे का शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि शिक्षक ड्यूटी समय के दौरान ही नशे की हालत में स्कूल पहुंचे थे। वायरल वीडियो में शिक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में विद्यालय परिसर में जमीन पर लोटते और सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों और विद्यार्थियों के अभिभावकों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में मौजूद विद्यार्थियों ने ही शिक्षक की इस हालत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी गिरीश अग्निहोत्री ने मामले को संज्ञान में लेते हुए बताया कि प्राथमिक विद्यालय करौंदीकाप के शिक्षक धनेंद्र पांडे के वायरल वीडियो की जांच संकुल प्राचार्य द्वारा कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




