अपराध

अंबेडकर प्रतिमा तोड़ने से भड़का आक्रोश, चक्का जाम से ठप हुआ मुख्य मार्ग, नई प्रतिमा लगाने के बाद शांत हुआ मामाल

सतना। सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मांद मोहल्ला गांव में सोमवार देर रात बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़े जाने की घटना से हालात तनावपूर्ण हो गए। कार से आए अज्ञात बदमाशों ने प्रतिमा का हाथ, किताब और सिर तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अंबेडकर समर्थक और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

पुलिस-प्रशासन मौके पर, जांच का आश्वासन

सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद मौके पर बाबा साहब की दूसरी प्रतिमा स्थापित कराई गई, जिससे हालात नियंत्रित हुए और प्रदर्शन समाप्त हुआ। ग्रामीणों का यह प्रदर्शन लगभग एक घंटे तक चला।

रात में तोड़ी गई प्रतिमा, सुबह फूटा गुस्सा

ग्रामीण बालेंद्र चौधरी ने बताया कि रात करीब 9 बजे घटना को अंजाम दिया गया। कुछ ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे भाग निकले। सुबह जब गांववालों ने टूटी प्रतिमा देखी तो गुस्सा भड़क उठा और लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।

यह घटना नागोद क्रमांक-1 परियोजना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button
Close