अपराध

साकेत एक्सप्रेस से गिरा यात्री, सतना नदी में मिला शव

सतना। मुंबई से प्रयागराज जा रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान धीरज पांडेय (निवासी ग्राम प्रतापपुर कला, प्रयागराज, उ.प्र.) के रूप में हुई है। वह ट्रेन संख्या 22183 साकेत एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। 16 फरवरी 2026 को उनके भाई पवन पांडेय ने थाने में सूचना दी कि धीरज पांडेय सफर के दौरान लापता हो गए हैं। अंतिम बार मोबाइल पर बातचीत में उन्होंने अपनी लोकेशन कटनी स्टेशन के पास बताई थी, जिसके बाद फोन बंद हो गया। सूचना पर गुम इंसान क्रमांक 02/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

जांच के दौरान आरपीएफ पोस्ट सतना से पता चला कि यात्रियों ने जानकारी दी थी कि कटनी और सतना के बीच एक व्यक्ति ट्रेन से गिर गया है। इस आधार पर कटनी से सतना के बीच सभी स्टेशन मास्टरों, जीआरपी कटनी और जिला कंट्रोल रूम से संपर्क कर जानकारी जुटाई गई। रेलवे ट्रैक के दोनों ओर पुलिस बल ने पैदल सघन सर्चिंग अभियान चलाया, झाड़ियों और दुर्गम स्थानों में भी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

तकनीकी साक्ष्यों और संभावित स्थान के विश्लेषण के बाद आशंका जताई गई कि व्यक्ति सतना नदी रेलवे पुल के पास गिरा हो सकता है। जिला आपदा प्रबंधन की मदद से 17 फरवरी को गोताखोरों व एसडीईआरएफ टीम ने मोटर बोट से नदी में तलाश अभियान चलाया, जिसमें धीरज पांडेय का शव बरामद किया गया। मौके पर मर्ग क्रमांक 12/26 धारा 174 के तहत कार्यवाही की गई। शव पंचनामा के दौरान सिर के पीछे गंभीर चोट पाई गई। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। आगे की जांच सिटी कोतवाली सतना में जारी है।

Related Articles

Back to top button
Close