अपराध

कार्यकर्ता का मानदेय कटा, सहायिका पद से पृथक, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्ची से बर्तन धुलवाने का मामला

 सतना। नागौद विकासखंड के ग्राम ललचहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में एक मासूम बच्ची से बर्तन धुलवाने के मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक माह का मानदेय काटा गया है, जबकि सहायिका को पद से पृथक कर दिया गया है। नागौद परियोजना अधिकारी इंद्रभूषण तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ललचहा आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर एक माह का मानदेय काटने की कार्रवाई की गई।
वहीं, महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह ने अलग से कार्रवाई करते हुए आंगनबाड़ी सहायिका को पद से हटा दिया। विभागीय जांच में दोनों को दोषी पाया गया है। उल्लेखनीय है कि सहायिका ने हाल ही में लगभग 15 दिन पूर्व ही कार्यभार संभाला था।

वीडियो वायरल होने से हुआ खुलासा
यह मामला 31 जनवरी को उस समय सामने आया, जब ललचहा आंगनबाड़ी केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने एक बच्ची को बर्तन धोते हुए देखा गया। उस समय केंद्र में कार्यकर्ता और सहायिका दोनों मौजूद थीं। जानकारी के अनुसार, संबंधित बच्ची नागौद के एक स्कूल में पढ़ती है और अपनी मां के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पोषण आहार लेने आई थी। इसी दौरान उससे बर्तन साफ करवाए गए।

जांच में दोनों दोषी करार
विभागीय जांच के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों से इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह घटना सामने आने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button
Close