जिला की बेटी उद्रेका ने रचा इतिहास, खेलो इंडिया विंटर गेम्स में गोल्ड, नए साल का मध्यप्रदेश को पहला स्वर्ण

मैहर। मैहर जिले की बेटी उद्रेका सिंह बघेल ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश, जिला और देश का नाम रोशन किया है। लेह (लद्दाख) में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स–2026 में उद्रेका ने 500 मीटर लॉन्ग ट्रैक फिगर स्केटिंग (महिला वर्ग) में स्वर्ण पदक जीतकर मध्यप्रदेश को नए साल का पहला गोल्ड मेडल दिलाया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन हुए मुकाबलों में उद्रेका सिंह (मध्यप्रदेश) और अविक्षित विजय विश्वनाथ (तमिलनाडु) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उद्रेका की इस उपलब्धि से पूरे मैहर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
देवराज नगर, मैहर निवासी भमर सिंह बघेल की पुत्री उद्रेका लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर भारत का तिरंगा ऊँचा कर रही हैं। हाल ही में मनीला (फिलीपींस) में 10 व 11 जनवरी को आयोजित साउथ ईस्ट एशियन आइस स्केटिंग ट्रॉफी में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में इंडोनेशिया, सिंगापुर, हांगकांग (चीन), ताइवान सहित आठ देशों के खिलाड़ियों के बीच उद्रेका ने शॉर्ट ट्रैक, 3000 मीटर वुमेन्स रिले और 2000 मीटर मिक्स रिले में तीन रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल की छात्रा उद्रेका वैभव स्केटिंग अकैडमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। उनके कोच वैभव अग्रवाल बताते हैं कि उद्रेका ने मात्र तीन वर्ष की उम्र में स्केटिंग शुरू की थी और आज वे अनुशासन, तकनीक और समर्पण की मिसाल बन चुकी हैं। अब तक वे 100 से अधिक पदक जीत चुकी हैं।
उद्रेका अपनी बड़ी बहन विशेषता सिंह को प्रेरणास्रोत मानती हैं। वहीं प्रतियोगिता में सतना की पहल मोंगिया ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया।




