डीएम पुलकित गर्ग ने बेटी का आंगनबाड़ी में कराया दाखिला, सरकारी व्यवस्था पर भरोसे का संदेश

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के जिलाधिकारी (डीएम) पुलकित गर्ग ने अपनी साढ़े तीन साल की बेटी शिया का सरकारी आंगनबाड़ी केंद्र में दाखिला कराकर समाज को एक सकारात्मक और प्रेरक संदेश दिया है। उनके इस कदम को सरकारी शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
डीएम पुलकित गर्ग मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं। वे उत्तर प्रदेश कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। चित्रकूट में जिलाधिकारी पद पर तैनाती से पहले वे म्युनिसिपल कॉरपोरेशन झांसी के कमिश्नर तथा बनारस विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पुलकित गर्ग के पिता प्रदीप गर्ग हरियाणा ग्रामीण बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी भारतीय स्टेट बैंक में अधिकारी हैं। प्रशासन के शीर्ष पद पर रहते हुए भी डीएम पुलकित गर्ग ने सरकारी संस्थानों में हो रहे गुणवत्ता सुधार पर भरोसा जताते हुए अपनी बेटी का दाखिला मुख्यालय के धनुष चौराहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कराया। डीएम पुलकित गर्ग अपनी पत्नी के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे और औपचारिक रूप से बच्ची का एडमिशन कराया। इसकी पुष्टि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सपना सोनी ने की है। उनका यह फैसला केवल एक प्रवेश प्रक्रिया नहीं, बल्कि सरकारी व्यवस्था में विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
इस अवसर पर डीएम पुलकित गर्ग ने कहा कि बच्चों के शुरुआती जीवन में औपचारिक शिक्षा से अधिक जरूरी पोषण, स्वास्थ्य और संस्कार होते हैं, जिन्हें आंगनबाड़ी केंद्र बेहतर तरीके से उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को दिखावे से बाहर निकलकर सरकारी संस्थानों पर भरोसा करना चाहिए, क्योंकि यहां बच्चों को सुरक्षा, स्नेह और समय मिलता है।
डीएम पुलकित गर्ग के इस कदम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और आम जनता के बीच सरकारी व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। यह निर्णय समाज को सही दिशा देने वाला एक उदाहरण बन गया है।




