ताजा ख़बरें

सीमेंट प्लांट में भर्ती के लिए उमड़ी बेरोजगार युवाओं की भारी भीड़, अव्यवस्था के चलते हालात बेकाबू

सतना। सतना के भरहुत नगर स्थित एक सीमेंट समूह के कार्यालय के बाहर रविवार को नौकरी के लिए पहुंचे बेरोजगार युवाओं की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति यह रही कि कार्यालय परिसर और आसपास की सड़क पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे युवा इंटरव्यू देने आए थे, जिससे इलाके में घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बताया जा रहा है कि सीमेंट कंपनी द्वारा हाल ही में एक विज्ञापन जारी किया गया था, जिसमें सीमेंट प्लांट में प्रत्यक्ष भर्ती के लिए 1 फरवरी को भरहुत नगर स्थित कार्यालय में युवाओं को बुलाया गया था। विज्ञापन में मैकेनिकल इंजीनियर, मशीन ऑपरेटर समेत कई अन्य पदों के लिए भर्ती की बात कही गई थी। उम्मीदवारों को रिज्यूमे और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए थे।

रविवार सुबह से ही सतना के अलावा कटनी, मैहर, पन्ना सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में युवा कार्यालय पहुंचने लगे। भीड़ लगातार बढ़ती गई और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। कार्यालय परिसर में प्रवेश न मिल पाने से नाराज युवाओं में असंतोष फैल गया। लंबा इंतजार और उचित व्यवस्था न होने के कारण कुछ युवाओं ने जोखिम उठाते हुए बाउंड्री वॉल पर चढ़ने की कोशिश की, जबकि कुछ ने बगल की इमारत के सहारे छत पर चढ़कर सीढ़ियों से अंदर घुसने का प्रयास किया।

स्थानीय निवासियों ने किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस भी भीड़ की विशाल संख्या के सामने व्यवस्था बनाने में असहज नजर आई। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिससे आम राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना ने एक बार फिर बेरोजगारी की गंभीर स्थिति और निजी कंपनियों द्वारा भर्ती प्रक्रिया में पर्याप्त व्यवस्थाओं की कमी को उजागर कर दिया है। यदि समय रहते उचित इंतजाम नहीं किए गए, तो ऐसी घटनाएं भविष्य में और भी गंभीर रूप ले सकती हैं।

Related Articles

Back to top button
Close