राजनीति

केंद्र सरकार का बजट ऐतिहासिक, आत्मनिर्भर भारत को देगा नई मजबूती : सांसद गणेश सिंह

सतना। केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए 53.5 लाख करोड़ रुपये के केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक बताते हुए सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा है कि यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। बजट में घरेलू विनिर्माण क्षमता बढ़ाने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, अधोसंरचना के निर्माण, परिवारों की क्रय शक्ति में वृद्धि और आर्थिक विकास को गति देने के महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। देश की विकास दर 7 प्रतिशत से अधिक रहने का दावा किया गया है। अधोसंरचना निर्माण के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे सड़क, रेल और औद्योगिक विकास को मजबूती मिलेगी।
सांसद श्री सिंह ने बताया कि मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये, एमएसएमई को सशक्त बनाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये तथा हरित विकास और ऊर्जा सुरक्षा के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके साथ ही 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और सिटी इकोनॉमिक रीजन विकसित करने की योजना से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में राजकोषीय घाटा कम करने, महंगाई पर नियंत्रण और भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार रखा गया है। दिव्यांगों के लिए कौशल और सहारा योजनाएं, 17 प्रकार की कैंसर दवाओं को कर मुक्त करना तथा गंभीर बीमारियों के इलाज को सस्ता करना सराहनीय कदम हैं।
ग्रामीण विकास मंत्रालय के लिए 2.73 लाख करोड़ रुपये, उर्वरक सब्सिडी, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि बीमा और आजीविका मिशन के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं। पर्यटन, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला यह बजट वर्ष 2047 के विकसित भारत की नींव रखेगा।

Related Articles

Back to top button
Close