मशीन बनी मौत का जाल, कोलगवां क्रशर प्लांट में मजदूर की दर्दनाक मौत
रोजी कमाने गया था, जिंदगी गंवा बैठा

सतना के कोलगवां स्थित क्रेशर प्लांट में शुक्रवार सुबह हुए हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आने से 38 वर्षीय मजदूर रमेश चौधरी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया और 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
सफाई के दौरान चालू हुई बेल्ट
बिरहुली नई बस्ती निवासी रमेश चौधरी रोज की तरह काम पर गया था। परिजनों के अनुसार, वह कन्वेयर बेल्ट की सफाई कर रहा था, तभी अचानक मशीन चालू कर दी गई। बेल्ट में फंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सहकर्मी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिवार का इकलौता सहारा था रमेश
करीब 15 वर्षों से उसी क्रेशर प्लांट में काम कर रहे रमेश परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी पत्नी फूलबाई दिव्यांग हैं और तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने 1 करोड़ रुपये मुआवजे और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम कराने से इनकार के चलते अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर कोलगवां और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अब सवाल यह है कि क्या मजदूर की मौत के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी और परिवार को न्याय मिल पाएगा?




