सैनिक कैंटीन में चोरी, बैंक में सेंधमारी की कोशिश: एक आरोपी गिरफ्तार
उचेहरा पुलिस की कार्रवाई, दूसरा आरोपी अब भी फरार

सतना जिले के उचेहरा कस्बे में सैनिक कैंटीन में चोरी और मध्यांचल ग्रामीण बैंक में सेंधमारी के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात करीब एक महीने पहले बउली तिराहे पर हुई थी। पुलिस के मुताबिक 6 जनवरी की रात दो अज्ञात बदमाशों ने पहले सैनिक कैंटीन का ताला तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। इसके बाद उन्होंने पास स्थित मध्यांचल ग्रामीण बैंक को निशाना बनाया। आरोपियों ने बैंक का एक ताला तोड़कर शटर टेढ़ा किया और अंदर घुसने का प्रयास किया।इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम का सायरन सुनाई देने पर दोनों बदमाश घबरा गए। बताया जा रहा है कि वे कुछ समय तक बैंक परिसर में ही छिपे रहे, लेकिन मौका पाकर सतना की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी और साइबर जांच से खुलासा
उचेहरा पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साइबर टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। करीब एक महीने की गहन पड़ताल के बाद दो संदिग्धों की पहचान की गई। इनमें से एक आरोपी आरेंज वर्मा (23 वर्ष), पुत्र बद्री प्रसाद वर्मा, निवासी टिकुरिया टोला, थाना कोलगवां को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।




