अपराध

‘शराब चाहिए, पैसे दो’ — इंकार पर मारपीट, तीन आरोपी जेल भेजे गए

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र में सरेराह गुंडागर्दी कर शराब पीने के लिए राहगीर से जबरन पैसे मांगने और मना करने पर मारपीट करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 फरवरी को फरियादी गोविंद दुबे (40 वर्ष) निवासी जवान सिंह कॉलोनी, थाना कोलगवां ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि काली मंदिर के पास कॉलोनी के अंदर उनकी मोटरसाइकिल रोककर तीन युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और शराब के लिए पैसे मांगने लगे। जब उन्होंने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2), 296(ए), 115(2), 119(1), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक सतना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोलगवां निरीक्षक संदीप सोनी एवं उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बादल उर्फ सागर विश्वकर्मा (26 वर्ष), विजय श्रीवास्तव (31 वर्ष) और पंकज वर्मा उर्फ कल्लू (30 वर्ष), सभी निवासी जवान सिंह कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 42, थाना कोलगवां, जिला सतना शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button
Close