अपराध

घर का “चिराग” ही बना ‘चोर’ : 20 लाख की चोरी का खुलासा, बड़े बेटे समेत तीन भेजे गए जेल

चित्रकूट में जिस घर से 20 लाख रुपये नकद और जेवरात गायब हुए थे, उस चोरी का सच सामने आते ही हर कोई हैरान रह गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी नहीं, बल्कि फरियादी का ही बड़ा बेटा निकला। पुलिस ने बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर  उनके कब्जे से 10 लाख 26 हजार रुपये नकद और करीब 4 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जबकि छोटा बेटा अब भी फरार है।

20 जनवरी की रात वारदात

थाना प्रभारी गिरिजाशंकर बाजपेयी के मुताबिक, 20 जनवरी की रात सिरसावन निवासी मनोज मिश्रा (45) के घर से करीब 20 लाख रुपये नकद और आभूषण चोरी हो गए थे। 21 जनवरी की सुबह परिवार ने देखा कि ऊपर का कमरा खुला हुआ है और नगदी व जेवरात गायब हैं। इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

सीसीटीवी और साइबर जांच से खुली परतें

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर व साइबर टीम की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान फरियादी के बड़े बेटे हर्ष मिश्रा (24) की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।

कर्ज के बोझ में रची गई साजिश

पूछताछ में हर्ष ने बताया कि उसका छोटा भाई रेशू मिश्रा, जो भोपाल में बीटेक का छात्र है, छात्र संगठन का चुनाव लड़ने के लिए कर्ज में था। खुद हर्ष भी आर्थिक दबाव में था। पैसों का इंतजाम न होने पर दोनों भाइयों ने घर में ही चोरी की योजना बनाई।हर्ष ने अपने दोस्त अभय तिवारी (निवासी इटावा, यूपी) और विभव पांडेय को साथ मिलाया। 20 जनवरी की रात हर्ष ने घर का दरवाजा अंदर से खोल दिया और उस दिशा से साथियों को बुलाया, जहां सीसीटीवी कैमरा खराब था। नकदी और गहने उन्हें सौंपकर बाहर भिजवा दिए गए। अगले दिन सभी ने रकम और आभूषण आपस में बांट लिए।

तीन गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने हर्ष मिश्रा, अभय तिवारी और विभव पांडेय को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, छोटा बेटा रेशू मिश्रा फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक भरोसे को तोड़कर रची गई इस साजिश ने सभी को हैरान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button
Close