अपराध

बिड़ला रोड के गड्ढे ने ली युवक की जान, इलाज में लापरवाही का आरोप

सतना: सतना के बिड़ला रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सड़क पर खुदे गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद न केवल सड़क की बदहाली, बल्कि इलाज और एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। यह दुर्घटना रात करीब 11 बजे बढ़ैया क्षेत्र के पास हुई। सिंधी कैंप निवासी शिवम कोरी अपने पड़ोसी सुनील के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में शिवम कोरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठे सुनील को मामूली चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। घायल सुनील का आरोप है कि एंबुलेंस चालक को स्पष्ट रूप से जिला अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया था, इसके बावजूद वह शिवम को एक निजी नर्सिंग होम ले गया।सुनील के अनुसार, नर्सिंग होम में उस समय कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। इसके बावजूद नर्सिंग स्टाफ ने 5 हजार रुपये जमा कराए और करीब 2500 रुपये की दवाइयां मंगवाईं। करीब 20 मिनट बाद गंभीर घायल शिवम को नर्सिंग होम के बाहर लाकर जबलपुर ले जाने की बात कही गई।

परिजनों का आरोप है कि जब तक शिवम को बाहर लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन रात करीब 11:30 बजे उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव जिला अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर सतना की सड़कों की बदहाल स्थिति, खुले गड्ढों और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरने, जिम्मेदार विभागों पर कार्रवाई और एंबुलेंस सेवाओं की सख्त निगरानी की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
Close