दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद वारदात, नकाबपोश चोर मास्टर चाबी से लॉक खोलकर फरार

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार दोपहर रीवा रोड स्थित गोपाल कॉम्प्लेक्स के सामने से एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की बाइक चोरी हो गई। चोरी की पूरी वारदात कॉम्प्लेक्स के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। धवारी निवासी अंकित तिवारी गोपाल कॉम्प्लेक्स में कार्यरत हैं। शनिवार दोपहर जब वे अपने कार्यालय में थे, उसी दौरान उनकी बाइक (क्रमांक MP 19 MB 8645) बाहर खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शाम को बाइक नहीं मिलने पर अंकित को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने कोलगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई।
CCTV में लॉक खोलते दिखा नकाबपोश
जांच के दौरान पुलिस को कॉम्प्लेक्स के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज मिली। फुटेज में एक नकाबपोश युवक काफी देर तक आसपास घूमता नजर आ रहा है। इसके बाद वह मास्टर चाबी से बाइक का लॉक खोलकर बाइक लेकर फरार हो जाता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।




