अपराध

एनएच-30 पर दर्दनाक टक्कर: ट्रेलर में घुसी बोलेरो, 6 श्रद्धालु घायल

मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह आस्था की यात्रा अचानक हादसे में बदल गई। नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार बोलेरो ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो ट्रेलर में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में छह श्रद्धालु घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ककरा गांव के पास सुबह 10.30 बजे हुआ हादसा
दुर्घटना सुबह लगभग 10.30 बजे ककरा गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो तेज गति में थी और टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हाईवे पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।

मोबाइल पर बात बना हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बोलेरो चालक मोबाइल पर बात कर रहा था, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

6 घायल, दो की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस 1033 मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया। चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि छातीलाल पटेल और संजना पटेल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

रीवा से मैहर दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार, बोलेरो सवार सभी श्रद्धालु रीवा से मैहर स्थित मां शारदा देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

Related Articles

Back to top button
Close