कट्टे से फायर कर हत्या का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सतना। थाना जैतवारा क्षेत्र में कट्टे से फायर कर युवक की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को जैतवारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जनवरी को फरियादी के पुत्र पर आरोपी किशन शीतलानी द्वारा जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर किया गया था, जिससे युवक को गंभीर चोटें आई थीं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना जैतवारा में आरोपी के विरुद्ध धारा 109 (1) भारतीय न्याय संहिता एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) प्रेमलाल कुर्वे एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मनोज दीक्षित के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक कुमार पाण्डेय एवं उनकी टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी किशन शीतलानी पिता तुलसीदास शीतलानी (26 वर्ष) निवासी पोस्ट ऑफिस के सामने, सब्जी मंडी जैतवारा को 20 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय सतना में पेश किया गया है।




