अपराध

शादी में हर्ष फायरिंग बनी जानलेवा, 12 बोर की गोली से 9 साल का बच्चा गंभीर घायल

सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग मासूम की जान पर भारी पड़ गई। मैहर बाईपास स्थित रिया मैरिज गार्डन के पास बारात के दौरान 12 बोर की राइफल से चली गोली 9 वर्षीय बच्चे के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की है। यादव परिवार की बारात विवाह स्थल की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान बाराती पक्ष का सनत नामक व्यक्ति 12 बोर की राइफल से हर्ष फायरिंग कर रहा था। फायर करने के बाद जब वह बंदूक को दोबारा लोड कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई। गोली पहले सड़क से टकराई और फिर पास खड़े लड़की पक्ष के 9 वर्षीय बालक शुभम पाल के पेट में जा लगी।

हालत नाजुक, जबलपुर में इलाज जारी

घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल सतना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल शुभम का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
Close