अपराध

गल्ला मंडी में महिला कर्मचारी से छेड़छाड़, शोर मचाते ही भागा अनाज व्यापारी

महिला प्रसाधन में घुसकर की हरकत, हंगामे के बाद थाने पहुंचा मामला

सतना कृषि उपज गल्ला मंडी परिसर में गुरुवार शाम एक महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ की घटना से हडक़ंप मच गया। पीड़िता की शिकायत पर कोलगवां थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मंडी में आक्रोश का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए तालाबंदी भी की गई।

सुलभ कॉम्प्लेक्स में हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, घटना मंडी के चौराहा क्रमांक-6 के पास स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में हुई। पीड़िता महिला प्रसाधन के लिए गई थी, तभी वहां पहले से मौजूद एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। आरोपी की पहचान पन्ना जिले के गैसाबाद के पास स्थित सेमरिया निवासी राहुल अग्रवाल के रूप में हुई है, जो पेशे से अनाज व्यापारी बताया जा रहा है।

शोर मचाते ही भागा आरोपी
महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद पल्लेदार और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और पकड़े जाने के डर से अपना वाहन वहीं छोडक़र भाग निकला।

मंडी में विरोध, थाने में शिकायत
घटना की जानकारी मंडी सचिव को दी गई। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने कुछ समय के लिए तालाबंदी की। बाद में पीड़िता ने कोलगवां थाने पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सार्वजनिक कार्यस्थल पर हुई इस घटना ने महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

Related Articles

Back to top button
Close