दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर वाहनों पर पथराव

रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (एटलेन) पर झाबुआ जिले के थांदला के पास शनिवार रात करीब 11 बजे आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर पथराव की घटना सामने आई है। इनमें भाजपा नेता सोनू यादव की कार भी शामिल है। पथराव से कुछ वाहनों के कांच टूट गए, जबकि कुछ की बॉडी क्षतिग्रस्त हुई। कुछ लोगों को चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना के दौरान एक कार में सवार लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर पथराव की घटना को लाइव कैप्चर किया। वाहन सवारों ने धामनोद टोल नाके पर पहुंचकर पुलिस को शिकायत की। सूचना मिलने पर रतलाम से पुलिस बल मौके के लिए रवाना हुआ।
पहले भी हो चुका है पथराव
थांदला से एटलेन पर चढ़ते ही झाबुआ जिले की सीमा में पथराव की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां वाहनों पर पथराव हो चुका है। इसी महीने 8 सितंबर को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 के गवर्नर संस्कार कोठारी की कार पर भी पत्थर लगा था। चालक कार को रोके बिना धामनोद टोल तक पहुंचा था। इससे पहले छह वाहनों पर पथराव की एक अन्य घटना भी सामने आई थी।
भाजपा नेता की कार का टूटा ग्लास
भाजपा नेता सोनू यादव ने बताया कि उनके दोस्त कार लेकर दाहोद गए थे। लौटते समय थांदला से करीब 10 किलोमीटर आगे उनकी कार पर पत्थर आकर लगा, जिससे साइड ग्लास टूट गया। दोस्त का फोन आने पर वे मौके पर पहुंचे। उनके अनुसार, इस दौरान तीन अन्य कारों पर भी पथराव किया गया। किसी कार का सामने का कांच टूटा, तो किसी की बॉडी पर पत्थर लगे। कोई भी वाहन मौके पर नहीं रुका और सभी सीधे धामनोद टोल नाके पर पहुंचे।
गुजरात से लौट रहे थे कई वाहन सवार
बताया जा रहा है कि कुछ वाहन सवार गुजरात से ऑपरेशन कराकर लौट रहे थे, जबकि कुछ परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। सोनू यादव ने स्पष्ट किया कि जिस कार पर पथराव हुआ, वह उनकी थी, लेकिन घटना के समय वे उसमें सवार नहीं थे।
साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही पुलिस
पथराव किसने और किस वजह से किया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि पूछताछ में घटना थांदला रेस्ट हाउस के आसपास के क्षेत्र में होने की जानकारी मिली है। संबंधित थाने को सूचित कर जांच की जा रही है। पुलिस घटना के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।




