घर में ‘बाघ’ का विश्राम, दहशत में परिवार, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में घर में घुसा बाघ

दुर्गा प्रसाद द्विवेदी के मकान में करता रहा विश्राम, परिवार दहशत में
उमरिया/बांधवगढ़।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दुर्गा प्रसाद द्विवेदी के मकान के भीतर एक बाघ विश्राम करता नजर आया। अचानक घर में बाघ के घुस आने से पूरे परिवार में दहशत फैल गई। जान बचाने के लिए घर के सभी सदस्यों ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
घटना के दौरान घर के अंदर से ही बाघ का वीडियो बनाया गया, जो अब सामने आया है। वीडियो में बाघ शांत अवस्था में घर के भीतर बैठा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि काफी देर तक बाघ घर में मौजूद रहा, जिससे आसपास के इलाके में भी भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग को अवगत कराया गया। एहतियातन आसपास के लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। वन अमला बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
घटना ने एक बार फिर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे रिहायशी इलाकों में वन्यजीव–मानव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है।




