संदिग्ध हालात में बुजुर्ग महिला की मौत, संपत्ति विवाद के एंगल से जांच

सतना। शहर के भरहुत नगर स्थित हंस मिला क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 65 वर्षीय अंजु पासवानी के रूप में हुई है। मामले में बेटी द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अंजु पासवानी लंबे समय से बीमार थीं और उन्हें लकवा मार गया था। 4 फरवरी को बेटे विजय पासवानी ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के बाद 9 फरवरी को छुट्टी दी गई। इसके बाद मंगलवार को घर पर ही उनकी मौत हो गई।
बेटी ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका की बेटी कीर्ति पासवानी ने अपने भाइयों पर आरोप लगाए हैं। आरोपों को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
संपत्ति विवाद भी जांच के घेरे में
पुलिस का कहना है कि मृतका की पैतृक संपत्ति को लेकर बेटों और बेटी के बीच विवाद चल रहा था। महिला का पैतृक मकान भौंसाखाना क्षेत्र में बताया जा रहा है। इसी विवाद को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




