सीमेंट से भरा ट्रक शिव मंदिर से टकराया, क्लीनर की मौत
गांव में खाना खाने जा रहा था मृतक, हादसे के बाद चालक फरार

सतना। सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पपरेंगा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरा एक कैप्सूल (बल्कर) ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने शिव मंदिर से जा टकराया। इस हादसे में ट्रक के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया।
गांव में खाना खाने के लिए मुड़वाया था ट्रक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पपरेंगा निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र पुत्र जयकरण कोल के रूप में हुई है। जितेंद्र ड्राइवर के साथ बल्कर ट्रक में मैहर से लूज सीमेंट लोड कर रायबरेली (उत्तर प्रदेश) जा रहा था। लंबे सफर से पहले जितेंद्र ने गांव में रुककर खाना खाने के इरादे से ड्राइवर को मना लिया और ट्रक को अपने गांव की ओर मोड़ लिया।
शिव मंदिर से टकराया ट्रक
रविवार शाम करीब 5 बजे, जब ट्रक गांव में शिव मंदिर के पास पहुंचा, तभी वह अचानक अनियंत्रित होकर मंदिर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे जितेंद्र कोल सीट में ही फंस गए।
चालक फरार, तीन घंटे बाद निकला शव
हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद केबिन में फंसे जितेंद्र के शव को बाहर निकाला जा सका। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के लिए दो बड़ी क्रेन मंगाई गईं और उसे सड़क किनारे खड़ा कराया गया।
मंदिर को भी भारी नुकसान
इस हादसे में शिव मंदिर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
बेटे की मौत से पिता की हालत बिगड़ी जितेंद्र की मौत की खबर मिलते ही उसके पिता जयकरण कोल की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि जयकरण के तीन बेटे थे, जिनमें से एक की कुछ साल पहले ही असमय मृत्यु हो चुकी थी। अब इस हादसे में दूसरे बेटे की भी जान चली गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




