अपराध

बुजुर्ग महिला पर हमला कर लूट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, घर के सामने रहने वाला युवक निकला मास्टरमाइंड, लूटे गए गहने बरामद

Written by:Shatrughan singh Published: 11 January 2026 at 17: 02 IST

सतना | सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत माधवगढ़ में बुजुर्ग महिला पर हमला कर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने देर रात घर में घुसकर 65 वर्षीय महिला को बंधक बनाया और धारदार हथियार से हमला कर सोने-चांदी के गहने लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता के घर के ठीक सामने रहने वाला उदय द्विवेदी (18) है। उसे घर की पूरी जानकारी थी और यह भी मालूम था कि वृद्ध महिला देवमनी सोनी घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। पूरी कार्रवाई में टीआई सुदीप सोनी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

बंधक बनाकर धारदार हथियार से किया हमला
घटना गुरुवार देर रात की है। माधवगढ़ निवासी देवमनी सोनी (65) अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आए और उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों आरोपी गिरफ्तार  पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में इंद्रजीत उर्फ छोटू (21) उदय द्विवेदी (18) प्रांशु उर्फ अल्लू (19) तीनों निवासी माधवगढ़ बताए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button
Close