96 नग मवेशी लोड दो वाहन जब्त, 8 तस्कर गिरफ्तार, अवैध पशुतस्करी पर नागौद अनुभाग पुलिस का शिकंजा
नागौद व कोठी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

सतना। जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ नागौद अनुभाग की कोठी एवं नागौद थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 96 नग मवेशी एवं दो वाहन जब्त किए हैं। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

सतना–चित्रकूट मार्ग पर कोठी पुलिस की कार्रवाई
शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात सोनौर चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक क्रमांक एमपी-19 एचए-7790 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में 17 भैंसें एवं 24 पडवा कुल 41 पशु क्रूरतापूर्वक भरे मिले। परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।


इस मामले में पुलिस ने पैगाम अली पिता अहमद अली (35 वर्ष) निवासी सजवानी थाना अमिलिया जिला सीधी, अजीज खान पिता अजीम खान (34 वर्ष) निवासी खोचीपुर थाना बहरी जिला सीधी, आयुष खान पिता मोहम्मद अली खान निवासी ग्राम सजवानी खुर्द पो. कोडौरा जिला सीधी तथा निहाल निवासी जवाहर नगर थाना सिटी कोतवाली जिला सतना के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पैगाम अली और अजीज खान को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि आयुष खान व निहाल की तलाश जारी है। जब्त मशरूका की कीमत लगभग 27 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
नागौद पुलिस ने पकड़ा कंटेनर, चार आरोपी गिरफ्तार
शनिवार देर रात सिंहपुर चौराहे पर कंटेनर क्रमांक एमपी-04 जीसी-5032 को रोककर तलाशी ली गई। कंटेनर में 35 पडवा एवं 20 छोटी-बड़ी भैंसें कुल 55 मवेशी अमानवीय हालत में भरे मिले। वाहन की कीमत लगभग 12 लाख रुपये एवं पशुओं की अनुमानित कीमत 11 लाख रुपये आंकी गई। इस मामले में इमरान खान पिता नूर खान (33 वर्ष) निवासी आजादनगर मोहरिया थाना हनुमानताल जबलपुर, अमीर असरफ पिता मोहम्मद नौसाद (22 वर्ष) निवासी मंडी मदार टेकरी थाना हनुमानताल जबलपुर, मोहम्मद तौसिफ पिता मोहम्मद नईम (22 वर्ष) निवासी मंडी मदार टेकरी थाना हनुमानताल जबलपुर तथा जिसान रजा पिता रहीस रजा (18 वर्ष) निवासी मंडी मदार टेकरी थाना हनुमानताल जबलपुर को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 एवं म.प्र. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 1959 की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





