सतना ISBT के बीच निजी बस ऑपरेटरों की दबंगई, यात्री से अभद्रता का वीडियो वायरल

सतना। शहर में Inter-State Bus Terminal (ISBT) से बसों के संचालन के बीच निजी बस ऑपरेटरों की कथित गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। शनिवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक निजी बस कर्मचारी ‘सूत्र सेवा’ की बस में बैठे यात्री के साथ अभद्र व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रीवा रोड पर कारगिल ढाबा के पास हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सूत्र सेवा की बस सतना से रीवा जा रही थी। एक नियमित यात्री आईएसबीटी तक नहीं पहुंच पाया, इसलिए उसने रीवा रोड स्थित कारगिल ढाबा के पास बस रुकवाकर सवार हो गया। इसी दौरान वहां खड़ी एक निजी बस के कर्मचारी ने आपत्ति जताई और इस बात पर भड़क गया कि यात्री उसकी बस छोड़कर दूसरी बस में क्यों बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निजी बस कर्मचारी बस के भीतर घुस गया और यात्री से तीखी बहस करने लगा। मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। अन्य यात्रियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
ढाबे के पास बना लिया ‘अघोषित स्टैंड’
स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद की जड़ रीवा रोड पर कारगिल ढाबा के सामने बना कथित ‘अघोषित बस स्टैंड’ है। आईएसबीटी से निकलने के बाद कई निजी बसें यहां 10 से 15 मिनट तक खड़ी रहती हैं और यात्रियों को यहीं से बैठाती हैं। इससे बस ऑपरेटरों के बीचसवारियों को लेकर खींचतान बढ़ रही है।
यात्रियों का आरोप है कि इस अव्यवस्था से आए दिन विवाद की स्थिति बनती है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब शहर में आधुनिक ISBT संचालित है, तो फिर सड़कों पर इस तरह समानांतर स्टैंड क्यों चल रहा है? अब देखना होगा कि परिवहन विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। फिलहाल वायरल वीडियो ने निजी बस संचालन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




