अपराध

किराना दुकान में आगजनी का खुलासा, सगे भाई सहित दो गिरफ्तार

जमीन विवाद में भाई ने ही कराई थी दुकान में आगजनी

सतना। सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रेमनगर स्थित एक किराना दुकान में आग लगाने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 1 जनवरी की रात को हुई थी, जिसमें दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया था। पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर कपूर बंगला के पास स्थित अतुल पुत्र कृष्णकांत विश्वकर्मा की किराना दुकान में अज्ञात व्यक्ति द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी। घटना की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति दुकान में आग लगाकर भागते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान ऑटो चालक राजेंद्र कुमार पुत्र रमेश कुमार कुशवाहा, निवासी देवराजनगर, जिला मैहर (वर्तमान पता: धवारी गली नंबर-1, सतना) के रूप में की। राजेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने चौंकाने वाला खुलासा किया।

सगे भाई ने रची साजिश
पूछताछ में राजेंद्र ने बताया कि उसने यह वारदात अतुल के सगे भाई आशीष पुत्र कृष्णकांत विश्वकर्मा (47 वर्ष, निवासी धवारी गली नंबर-5) के कहने पर की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आशीष को भी हिरासत में ले लिया। आशीष ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि जमीन विवाद के चलते उसने अपने भाई को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के इरादे से उसकी किराना दुकान में आग लगवाई थी।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

भाई-भाई के विवाद में अपराध तक की कहानी
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि पारिवारिक विवाद किस तरह गंभीर आपराधिक घटनाओं में बदल रहे हैं, जिससे न सिर्फ आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि सामाजिक ताना-बाना भी प्रभावित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button
Close