अपराध

बुजुर्ग को बाइक से बांधकर तीन किमी तक घसीटा, एक आरोपी गिरफ्तार

रीवा। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। तीन बदमाशों ने साइकिल से जा रहे एक बुजुर्ग को पकड़कर पहले उसके साथ मारपीट की, फिर हाथ-पैर बांधकर चलती बाइक से करीब तीन किलोमीटर तक सड़क पर घसीटा। इस घटना में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना शनिवार दोपहर की है, जबकि इसका वीडियो रविवार को सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सेमरिया थाना पुलिस के अनुसार यह घटना भूसावल के आगे पड़रिया इलाके की है। घायल बुजुर्ग की पहचान लक्ष्मण प्रजापति के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन युवक बाइक पर सवार थे। उन्होंने साइकिल से जा रहे लक्ष्मण प्रजापति को रोकने की कोशिश की। जब बुजुर्ग नहीं रुके तो आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया। पहले मारपीट की गई, इसके बाद हाथ-पैर बांधकर बाइक से सड़क पर घसीटा गया, जिससे बुजुर्ग बुरी तरह लहूलुहान हो गए। घटना से नाराज परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सेमरिया-रीवा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया।

पीड़ित की बहू सोनू प्रजापति ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, “जिस तरह से मेरे ससुर को सड़क पर घसीटा गया, ऐसा सलूक तो जानवरों के साथ भी नहीं किया जाता।” एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में थे। उन्होंने पहले बुजुर्ग को रोककर पैसे मांगे। जब पैसे देने से इनकार किया गया तो आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कुंदू साकेत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button
Close