घर-घर शराब पहुंचाने वाला तस्कर गिरफ्तार, आबकारी विभाग ने 61.5 बल्क लीटर अवैध शराब की जब्त

सतना। अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने घर पहुंच सेवा के जरिए शराब बेचने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कलेक्टर सतीश कुमार यस के आदेश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती विभा मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी लोकेश ठाकुर के नेतृत्व में वृत्त प्रभारी निलेश गुप्ता (वृत्त सतना क्रमांक-02) द्वारा मुखबिर की सूचना पर निर्धारित स्थल पर विधिवत कार्रवाई की गई। समक्ष पंचान कार्रवाई के दौरान आरोपी के कमरे की तलाशी ली गई।
एक लाख से अधिक की शराब बरामद
तलाशी में आरोपी विशाल चौधरी पिता शारदा चौधरी, उम्र 21 वर्ष, निवासी राजेंद्र नगर, गली नंबर-12, वार्ड क्रमांक-27, थाना सिटी कोतवाली, जिला सतना के कब्जे से कुल 61.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई।
बरामद शराब में ब्लैक डॉग, ब्लेंडर्स प्राइड, वाट 69, रॉयल स्टैग, बकार्डी रम और ओल्ड मोंक रम शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उक्त कार्रवाई में वृत्त प्रभारी निलेश गुप्ता, आरक्षक सरिता बिजौरिया, आशुतोष तिवारी, मंगल दिन कोल एवं अमित सिंह का सराहनीय योगदान रहा।




