नागौद पुलिस को बड़ी सफलता, हत्या के 8 आरोपी गिरफ्तार

सतना। सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी अशोक पांडेय के नेतृत्व में और पुलिस अधीक्षक सतना एवं पुलिस महानिरीक्षक रीवा के मार्गदर्शन में किए गए अभियान के तहत हत्या के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 दिसंबर 2025 को प्रहलाद सिंह उर्फ शंखू और उनके चाचा द्वारिका प्रसाद अपने खेत में आग ताप रहे थे। तभी पंकज सिंह उनके पास आया और विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद पंकज ने अपने भाइयों सहित कुल 8 अन्य व्यक्तियों को बुलाया, जिन्होंने लाठी, रॉड, हथौड़ा और कुल्हाड़ी से हमला कर द्वारिका प्रसाद पर प्रहार किया। गंभीर चोट लगने से उनका उपचार के दौरान जिला अस्पताल सतना में निधन हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आपराधिक धाराओं 296, 115(2), 118(1), 103(1), 191(2), 191(3), 190 के तहत मामला दर्ज किया और विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने खुशीराम सिंह, कुशमेन्द्र सिंह (मुडिया), लवकुश सिंह (हरिया), अनिल सिंह, कुंजीलाल सिंह, रामदुलारे सिंह, संदीप सिंह और हर्षित सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपीगण से घटना में प्रयुक्त हथियार भी जप्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।
पुलिस अभी पंकज सिंह, अंकित सिंह और अमित सिंह की तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी अशोक पांडेय और उनकी टीम की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है, जिसमें अनुविभागीय अधिकारी, आरक्षक और प्रआर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



