मझगवां तहसील में राजस्व चालान घोटाला: 2500 लेकर खजाने में जमा किया सिर्फ 1 रुपया, कियोस्क संचालक पर FIR

सतना। सतना जिले की मझगवां तहसील में राजस्व शुल्क चालान में गड़बड़ी का एक और गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने खुशी ऑनलाइन सेंटर के संचालक अजय कुमार रजक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। यह कार्रवाई तहसीलदार डॉ. सुदामा कोल की शिकायत पर की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक फरियादी से 2500 रुपये राजस्व शुल्क के नाम पर वसूले, लेकिन सरकारी खजाने में मात्र 1 रुपया ही जमा किया। शेष राशि उसने अपने पास रख ली और फरियादी को फर्जी रसीद थमा दी।
तहसील कार्यालय में जांच के दौरान खुला फर्जीवाड़ा
जब यह रसीद तहसील कार्यालय में जमा हुई और उसकी जांच की गई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद तहसीलदार डॉ. सुदामा कोल ने 13 जनवरी को पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जांच और आवश्यक दस्तावेज एकत्र करने के बाद पुलिस ने 20 जनवरी को आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले भी मझगवां में ही कियोस्क संचालक धनबाबू पटेल द्वारा राजस्व शुल्क चालान में फर्जीवाड़ा किए जाने का मामला सामने आया था। एसडीएम महिपाल गुर्जर के निर्देश पर उसके खिलाफ भी मझगवां थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
प्रशासन का सख्त संदेश
लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राजस्व शुल्क में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




