लोसरिहा में अवैध महुआ शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 70 लीटर देशी शराब जब्त

सतना। चित्रकूट थाना क्षेत्र के लोसरिहा गांव में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हाथ से बनी महुआ की देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि लोसरिहा में अवैध रूप से महुआ की शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर चित्रकूट थाना पुलिस ने तत्काल दबिश दी। छापामारी के दौरान भट्टी पर शराब बनाने का काम चल रहा था, उसी समय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 70 लीटर हाथ से बनी महुआ की देशी शराब जब्त की।
पुलिस ने मौके से आरोपी जगदीश निषाद पिता पूरण निषाद, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी लोसरिहा थाना चित्रकूट को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही शराब बनाने में उपयोग किया जा रहा कई किलो महुआ लहान भी पुलिस द्वारा मौके पर ही नष्ट किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से महुआ की देशी शराब का निर्माण कर रहा था, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा था। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
चित्रकूट थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।




