ताजा ख़बरें
सीईओ के भरोसे राम मंदिर का कामकाज, जितेंद्र मिश्र ने संभाला कार्यभार

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा सोमवार को अयोध्या पहुंचे। 11 दिन बाद अयोध्या लौटे सीईओ ने राम मंदिर परिसर पहुंचकर कामकाज संभाल लिया। अब वह नियमित रूप से अयोध्या में रहकर मंदिर की व्यवस्थाओं और भक्तों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की मौके से मॉनिटरिंग करेंगे। उनका ड्यूटी चार्ट तय कर दिया गया है। वह सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक करीब 12 घंटे मंदिर परिसर में रहेंगे। राम मंदिर परिसर पहुंचने के बाद सीईओ ने मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अलग-अलग व्यवस्थाओं में तैनात कर्मियों की जिम्मेदारियां जानीं और मौजूदा व्यवस्था को समझा। इसके बाद राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी मदन मोहन पांडेय और सचिव जगदीश आफले के साथ भी बैठक की।




