अपराध

हार्डवेयर दुकान में फांसी पर लटका मिला पूर्व सरपंच के बेटे का शव, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

मैहर। कोतवाली थाना क्षेत्र के हरदासपुर में बुधवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पूर्व सरपंच के बेटे का शव उसकी ही हार्डवेयर दुकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मृतक की पहचान देवेश सिंह (26) पुत्र सुखेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। देवेश सरलानगर मार्ग पर हार्डवेयर की दुकान संचालित करते थे। बुधवार को वह रोज की तरह दुकान गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे।

 शाम 8:30 बजे हुआ खुलासा
परिजनों ने जब फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला। रात करीब 8:30 बजे परिवार का एक सदस्य दुकान पहुंचा, जहां देवेश का शव सीलिंग फैन के हुक से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी अपनी टीम के साथ पहुंचे और जांच शुरू की। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। एहतियातन पुलिस ने रात में शव नहीं उतारा और घटनास्थल को सील कर दिया।

CCTV फुटेज में दिखा आत्महत्या का दृश्य
गुरुवार सुबह फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया। दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच में देवेश स्वयं फंदा बनाकर लटकते दिखाई दिए, जिससे मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हुआ।

सुसाइड नोट में युवती का जिक्र
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में एक युवती का नाम और मोबाइल नंबर लिखते हुए करीब 20 लोगों को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। जानकारी के अनुसार, जिस युवती का नाम नोट में है, उसने कुछ समय से बातचीत बंद कर दी थी, जिससे देवेश मानसिक रूप से परेशान थे। परिजनों ने बताया कि देवेश की शादी अप्रैल में तय थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button
Close